कंपनी ने दो इमारतों को खाली कर पूरे कैंपस को किया सैनिटाइज
पिंपरी (तेज समाचार डेस्क). पिंपरी चिंचवड़ से सटे हिंजवड़ी आईटी पार्क की एक नामी आईटी कंपनी की महिला कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पायी गई है। वह पहले कोविड-19 से ग्रसित रही 41 वर्षीय एक महिला की करीबी रिश्तेदार है। इसके तुरंत बाद कंपनी ने अपने कैंपस की दो इमारतों को खाली करवा लिया, जहां उस महिला ने काम किया था। इसके अलावा पूरे कैंपस को भी सैनिटाइज कराया।
– सहकर्मियों को कॉरंटाइन करने की हिदायत
एक बयान में कंपनी ने कहा कि उसने संक्रमित के संपर्क में आए उसके सहयोगियों को भी खुद को पृथक रखने और अपने स्वास्थ्य की करीबी निगरानी करने को कहा है। यह महिला पुणे में रविवार को संक्रमित पाए गए चार लोगों में शामिल है। हिंजवडी आईटी पार्क में संचालित होने वाली कंपनी ने उन दो इमारतों को खाली करवा लिया, जिनमें वायरस संक्रमित महिला कर्मचारी ने काम किया था। कंपनी की ओर से कहा गया कि इन प्रांगणों को अच्छी तरह से सफाई और सेनेटाइजेशन के लिए बंद रखा जाएगा।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि, सावधानी के उपायों के तहत हम पूरे कैंपस को सेनेटाइज करवा रहे हैं और इस जगह से काम करने वाले सभी कर्मचारियों को विस्तृत जानकारी भेजी गई है। कंपनी ने कहा कि अपने कर्मचारियों और समुदाय को सुरक्षित रखने के लिए उसने सभी जरूरी सावधानियां बरती हैं और इसे जारी रखेगी। जिलाधिकारी नवल किशोर राम ने कहा कि संक्रमित पाई गई आईटी कंपनी की कर्मचारी, पहले कोविड-19 से ग्रसित रही 41 वर्षीय एक महिला की करीबी रिश्तेदार है। गौरतलब हो कि पुणे में कोविड-19 के अब तक 19 पुष्ट मामले दर्ज हुए हैं।